महेंद्र पार्क पुलिस ने गर्दन पर ब्लेड रखकर लूटने वाले दो किशोर दबोचे, दो मोबाइल फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की महेंद्र पार्क थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए जहांगीर पुरी इलाके में हुई एक सनसनीखेज लूट के मामले को मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को पकड़ा है, जिन्होंने सर्जिकल ब्लेड के दम पर दो दोस्तों को बंधक बनाकर उनसे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 8 मार्च को समयपुर बादली निवासी सागर कुमार (18 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ जहांगीर पुरी मेट्रो स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी कुशल सिनेमा रोड के पास दो अज्ञात लड़कों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उसके दोस्त अरबाज़ की गर्दन पर सर्जिकल ब्लेड रख दिया और उसे जबरन एक गली में ले गए। वहां आरोपियों ने डरा-धमकाकर अरबाज़ से ₹2,000 और दो मोबाइल, जबकि शिकायतकर्ता सागर से ₹4,000 लूट लिए और फरार हो गए।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी रोहित गुप्ता और एसएचओ विजय शनवाल के नेतृत्व में एसआई मदन प्रसाद, हेड कांस्टेबल दिनेश और संतू लाल की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों की मदद ली। तकनीकी विश्लेषण और निरंतर छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों किशोरों को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों किशोरों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने त्वरित और आसान धन कमाने के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। दोनों किशोरों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More