IIT दिल्ली में छात्र ने की खुदकुशी: हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला प्रथम वर्ष का छात्र, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली में बी.टेक प्रथम वर्ष के एक छात्र द्वारा आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक छात्र की पहचान हर्षित स्वामी के रूप में हुई है, जो सिविल इंजीनियरिंग का छात्र था। वीरवार सुबह छात्र का शव कैंपस स्थित न्यू विंध्याचल अपार्टमेंट में पंखे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के एक हालिया फैसले का हवाला देते हुए पुलिस ने ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च की सुबह करीब 8:35 बजे किशनगढ़ थाने को छात्र के फंदे से लटके होने की सूचना मिली। हर्षित अपनी मां के साथ अपार्टमेंट में रहता था। उसकी मां 10 मार्च को अपने पैतृक गांव गई हुई थी और आखिरी बार उनकी हर्षित से 11 मार्च की रात 11 बजे फोन पर बात हुई थी। सुबह जब हर्षित ने फोन नहीं उठाया, तो पड़ोसियों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां वह मृत पाया गया। एम्स और सफदरजंग अस्पताल की फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। हालांकि पिता ने किसी भी तरह की साजिश का शक नहीं जताया है, लेकिन संस्थान के सुरक्षा अधिकारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

इस दुखद घटना पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अभाविप के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि प्रथम वर्ष के छात्र का इस तरह जाना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। उन्होंने संस्थान प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि वास्तविकता सामने आ सके।

सार्थक शर्मा ने शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा, “छात्रों की सुरक्षा और उनका मानसिक कल्याण संस्थान की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। हम मांग करते हैं कि आईआईटी प्रशासन छात्रों के लिए उपलब्ध काउंसलिंग और सहायता तंत्र को और अधिक सुदृढ़ और सक्रिय बनाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को ऐसा आत्मघाती कदम न उठाना पड़े।” अभाविप ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More