अशोक विहार पुलिस ने दो शातिर झपटमारों और रिसीवर को दबोचा, चोरी के वाहन व मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की अशोक विहार थाना टीम ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर झपटमारों और छीने हुए मोबाइल खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मुख्य आरोपियों की पहचान विकास उर्फ छोटी (23 वर्ष) और आदित्य उर्फ गोलू (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि रिसीवर की पहचान मोहम्मद तोहिद (22 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और दो चोरी की स्कूटियां बरामद की हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 3 मार्च को दीप मार्केट में एक आईफोन-11 की झपटमारी की घटना हुई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार और एसएचओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को लेखराम पार्क के पास उस समय दबोच लिया, जब वे एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार थे। जांच में पता चला कि यह स्कूटी केशव पुरम इलाके से चोरी की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करते थे और फिर उन्हीं का उपयोग झपटमारी के लिए करते थे। उनकी निशानदेही पर मॉडल टाउन से चोरी की गई एक अन्य स्कूटी भी बरामद की गई।

आरोपियों ने खुलासा किया कि वे छीने हुए मोबाइल फोन वजीरपुर निवासी मोहम्मद तोहिद को बेच देते थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तोहिद को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसके पास से वारदात में छीना गया आईफोन-11 तथा दो अन्य चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।

पकड़ा गया आरोपी विकास उर्फ छोटी अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं आदित्य के खिलाफ भी पांच मामले दर्ज हैं। ये दोनों आदतन अपराधी हैं जो आसान पैसे कमाने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और वारदातों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More