अशोक विहार पुलिस ने ‘डोरेमोन’ गैंग के सेंधमारों को दबोचा, 11 मामलों का खुलासा और चोरी का सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की WPIA (वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया) चौकी टीम ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इलाके में सक्रिय कुख्यात ‘डोरेमोन’ गैंग के दो सीरियल सेंधमारों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में चोरी और डकैती के 11 मामलों की गुत्थी सुलझा ली है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ डोरेमोन (26 वर्ष) और सनी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अलग-अलग चोरी के मामलों का शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 11 मार्च की रात करीब 10:20 बजे, पुलिस टीम राजा पार्क के पास ‘रोको-टोको’ योजना के तहत गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने दो युवकों को एक मोटरसाइकिल घसीटते हुए देखा। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उन्हें धर दबोचा। तलाशी लेने पर दिनेश उर्फ डोरेमोन के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ, जबकि उनके पास मौजूद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अशोक विहार थाने से ही चोरी की पाई गई।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दिनेश अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ 17 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उसे स्थानीय तौर पर ‘डोरेमोन’ उपनाम उसकी विशेष चोरी करने की शैली के कारण मिला है; वह चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में बहुत ही शातिर तरीके से छिपकर घूमता था और कमजोर ठिकानों की रेकी करता था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार प्लास्टिक बैग लोहे के पाइप फिटिंग्स, स्टील के नल, डिमोलिशन हैमर, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर और तांबे के तार बरामद किए हैं। यह सारा सामान हाल ही में क्षेत्र की फैक्ट्रियों और घरों से चोरी किया गया था। चौकी प्रभारी एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल पवन, अश्वनी और अन्य कर्मियों की टीम ने इस गिरोह को पकड़कर क्षेत्र में सक्रिय संपत्ति अपराधियों को बड़ा झटका दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य संभावित साथियों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More