वजीरपुर जेजे कॉलोनी में खूनी संघर्ष, दो लोगों पर जानलेवा हमला, 4 आरोपी दबोचे

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर थाना अंतर्गत वजीरपुर जेजे कॉलोनी में वीरवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। के-ब्लॉक स्थित माता पार्क (पथवारी पार्क) के पास कुछ बदमाशों ने दो व्यक्तियों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि, भारत नगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के महज एक घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी साहिल उर्फ लाला सहित उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च को वजीरपुर जेजे कॉलोनी में झगड़े की सूचना मिली थी। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घायल मोहन लाल (42) और वीरेंद्र (47) को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया जा चुका था। दोनों पीड़ित के-250, जेजे कॉलोनी के ही निवासी हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि साहिल उर्फ नटवाला उर्फ लाला ने अपने साथी राघव उर्फ अलीगढ़िया (उर्फ रोमियो उर्फ अक्षय कुमार), अभिषेक उर्फ बाघीरा और अर्जुन के साथ मिलकर पीड़ितों पर हमला किया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि इस हमले के पीछे की मुख्य वजह क्या थी और क्या इनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय निवासियों ने सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More