पूसा संस्थान के गेट पर भीषण सड़क हादसा, बेकाबू कार ने बुलेट और स्कूटी सवार को रौंदा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पूसा संस्थान के गेट नंबर 4 के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने जमकर कोहराम मचाया। रतनपुरी चौक से टोडापुर की ओर जा रही एक ग्रे रंग की आई-10 कार के चालक ने लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार डिवाइडर को फांदते हुए देव प्रकाश शास्त्री मार्ग की दूसरी दिशा में घुस गई और सामने से आ रहे एक बुलेट सवार और स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुलेट सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे का है। कार इतनी रफ्तार में थी कि डिवाइडर पार करने के बाद उसने सामने से आ रहे इंदरपुरी निवासी अमित मिश्रा (33) की बुलेट और वजीराबाद निवासी मनीष की स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। स्कूटी सवार मनीष को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दूसरों की जान जोखिम में डालने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। घायल अमित की एमएलसी रिपोर्ट तैयार की जा रही है और पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या कार चालक नशे की हालत में था या गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी आई थी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More