दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ में 24 घंटे में 24 गिरफ्तार, कैश और अवैध शराब के साथ 4 कारें जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला ने संगठित अपराध के खिलाफ एक निर्णायक प्रहार करते हुए महज 24 घंटों के भीतर जुआ और अवैध शराब तस्करी के 11 मामलों का पर्दाफाश किया है। डीसीपी विक्रम सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान तीन महिलाओं सहित कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी, अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहन बरामद किए हैं।

इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीमों ने सघन गश्त और निगरानी की। इस दौरान जुए की गतिविधियों में शामिल 15 व्यक्तियों को पकड़ा गया। पुलिस ने रानी बाग, राज पार्क, सुल्तानपुरी और रणहौला जैसे थानों में कुल पांच मामले दर्ज किए हैं। आरोपियों के पास से सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले ₹68,840 नकद और जुआ सामग्री बरामद की गई है।

शराब माफिया के खिलाफ की गई समानांतर कार्रवाई में पुलिस ने 4,242 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। इस तस्करी नेटवर्क को तोड़ने के लिए आबकारी अधिनियम के तहत 06 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें नौ लोगों (3 महिलाओं सहित) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब की ढुलाई में इस्तेमाल होने वाली 04 कारों को भी पहचान कर जब्त कर लिया है। निहाल विहार, नांगलोई और पश्चिम विहार पूर्व जैसे थानों ने इन ऑपरेशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि यह अभियान संगठित अपराध की कमर तोड़ने के लिए चलाया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और जुए के इस नेटवर्क के पीछे कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं। बाहरी जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन पर दें ताकि समाज को अपराध मुक्त बनाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More