पीरागढ़ी से दस अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, मेडिकल वीजा की आड़ में बुल्गारिया जाने की फिराक में थे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की फॉरेनर सेल ने अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए दस बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी नागरिक अपने वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से दिल्ली में रह रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ये लोग भारत के रास्ते बुल्गारिया जाने के लिए फर्जी तरीके से मेडिकल वीजा प्राप्त करने की कोशिश कर रहे थे।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि इलाके में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों की पहचान के लिए सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एसीपी (ऑपरेशंस) वीरेंद्र दलाल के मार्गदर्शन और निरीक्षक सुंदर सिंह (प्रभारी फॉरेनर सेल) के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम को सूचना मिली कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के पीरागढ़ी इलाके में छिपे हुए हैं।

6 मार्च को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पीरागढ़ी चौक स्थित डीडीए पार्क के पास घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी देख संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने सतर्कता दिखाते हुए सभी 10 व्यक्तियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान वे भारत में अपने रहने से संबंधित कोई भी वैध पहचान पत्र या यात्रा दस्तावेज पेश नहीं कर सके। जांच में पाया गया कि उनके पास मौजूद पासपोर्ट और वीजा की अवधि काफी समय पहले ही समाप्त हो चुकी थी।

पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये सभी बांग्लादेशी नागरिक भारत को एक ट्रांजिट पॉइंट की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। उनका मुख्य उद्देश्य भारत से बुल्गारिया के लिए मेडिकल वीजा प्राप्त करना था, ताकि वे वहां जा सकें। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान फारूक, मो. सोजीब फकीर, सोहाग मिया, शहाबुद्दीन और अन्य के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। FRRO के साथ समन्वय स्थापित कर इन सभी को वापस बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बाहरी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के सत्यापन अभियान जारी रहेंगे ताकि अवैध आव्रजन पर लगाम लगाई जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More