लूट के इरादे से युवक पर चाकू से हमला करने वाले 2 किशोर पकड़े गए, अन्य की तलाश जारी, ई-रिक्शा और खंजर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की रणहौला थाना टीम और स्पेशल स्टाफ ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान लूट और जानलेवा हमले की गुत्थी को महज 72 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले मेंनाबालिगों को पकड़ा है, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे लूटने का प्रयास किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और चाकू भी बरामद कर लिया है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 10 मार्च को विकास नगर के बालाजी रोड पर नीतीश कुमार नामक युवक के साथ यह वारदात हुई थी। जब नीतीश काम पर जा रहे थे, तभी ई-रिक्शा में सवार चार लड़कों ने उन्हें रोका और मोबाइल छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने उनके पेट और कंधे पर चाकू से वार कर दिया। शोर मचाने पर जब भीड़ जुटने लगी, तो आरोपी मोबाइल छोड़कर ई-रिक्शा से फरार हो गए। घायल युवक को गंभीर हालत में एसजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी नांगलोई के मार्गदर्शन और रणहौला थाना प्रभारी व स्पेशल स्टाफ प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। 12 मार्च को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने विकास नगर के बैठक फार्म के पास छापेमारी की और ई-रिक्शा सवार दो किशोरों को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए किशोरों की निशानदेही पर ‘खेड़ी बाबा पुल’ के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों किशोरों को हिरासत में लेकर संबंधित किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य दो फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि ई-रिक्शा का इस्तेमाल वारदात के बाद आसानी से भीड़ में गुम होने के लिए किया गया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More