उत्तम नगर घटना पर अफवाह फैलाने और चंदा जुटाने वालों पर द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सोशल मीडिया अकाउंट्स और बैंक खातों पर शिकंजा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने उत्तम नगर इलाके में हुई हालिया घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ और झूठी जानकारी फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के गलत सूचना साझा करना कानूनन अपराध है। इसी कड़ी में पुलिस ने उन अकाउंट्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है जो शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने भड़काऊ कंटेंट को हटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ को 14 और इंस्टाग्राम को 8 टेक-डाउन अनुरोध भेजे हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोग इस घटना की आड़ में फर्जी नैरेटिव बनाकर आम जनता से चंदा जुटाने का प्रयास कर रहे थे। 10 मार्च को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें क्यूआर कोड के माध्यम से वित्तीय सहायता मांगी गई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि पिछले दो दिनों के भीतर उस संदिग्ध बैंक खाते में करीब ₹37 लाख जमा किए गए। धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संबंधित बैंक मैनेजर को सूचित कर उस खाते की डेबिट और क्रेडिट सुविधाओं को ब्लॉक कर दिया है और जमा की गई ₹37 लाख की राशि को फ्रीज करवा दिया है।

द्वारका जिला पुलिस ने जनता को आगाह किया है कि वे किसी भी असत्यापित सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि गलत सूचना या ऑनलाइन गतिविधियों के माध्यम से सार्वजनिक शांति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन लगातार सोशल मीडिया की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक गतिविधियों को रोका जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More