नंबर प्लेट पर कीचड़ और चेहरे पर मास्क फिर भी नहीं बच सका हिस्ट्रीशीटर, स्पेशल स्टाफ ने बरामद किए मोबाइल और स्कूटी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की विशेष स्टाफ टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए प्रीति विहार इलाके में हुई एक ‘ब्लाइंड’ स्नैचिंग की वारदात को महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आदतन अपराधी साहिल (35 वर्ष), निवासी जगतपुरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का छीना हुआ लेडीज बैग, दस्तावेज और चोरी के दो अन्य महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 12 मार्च की दोपहर करीब 12:00 बजे प्रीति विहार के शंकर विहार इलाके में स्नैचिंग की वारदात हुई थी। पीड़िता पायल, जो लक्ष्मी नगर के V3S मॉल में नेल आर्टिस्ट के रूप में काम करती हैं, ने शिकायत दी कि स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (ऑपरेशंस) पवन कुमार के मार्गदर्शन और विशेष स्टाफ प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एसआई अमन, हेड कांस्टेबल हिमांशु और नरेश सहित एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने पाया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क, चश्मा और स्पोर्ट्स कैप पहन रखी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने स्कूटी की नंबर प्लेट पर जानबूझकर कीचड़ लगा रखा था ताकि नंबर न पढ़ा जा सके। पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और करीब 6 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज का पीछा किया। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के माध्यम से स्कूटी की पहचान की गई और वारदात के 8 घंटे के भीतर साहिल को धर दबोचा गया।

पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी साहिल एक पेशेवर अपराधी है। उसके खिलाफ कृष्णा नगर और आनंद विहार थानों में लूट, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के नौ आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी के पास से जो दो मोबाइल फोन मिले हैं, वे भी कल्याणपुरी इलाके से चोरी किए गए पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस साहिल के फरार साथी की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More