कैटरिंग की आड़ में करते थे मोबाइल लूट और चाकूबाजी, लाहौरी गेट पुलिस की गिरफ्त में ‘कैटरिंग लेबर’ गैंग

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की लाहौरी गेट थाना टीम ने नया बाजार इलाके में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना नवेद खान उर्फ लंबू (26 वर्ष) और उसके साथ शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ा है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने लूट, चोरी और जानलेवा हमले के तीन आपराधिक मामलों का खुलासा किया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 8 मार्च को बिहार निवासी अभिषेक कृष्णा, जो SBI क्रेडिट के रिकवरी विभाग में काम करते हैं, ने लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित जब नया बाजार से गुजर रहे थे, तब चार लड़कों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट कर उनका वीवो फोन और नकदी भरा पर्स लूट कर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (कोटवाली) के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में एसआई सुधीर राठी, काविश राणा और हेड कांस्टेबल अमित मलिक सहित एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चारों संदिग्ध नजर आए, जिनकी पहचान गुप्त मुखबिरों की मदद से नवेद खान और उसके साथियों के रूप में हुई। 10 मार्च की शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नॉवेल्टी सिनेमा के पास मौजूद हैं। टीम ने तुरंत छापेमारी कर चारों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पीड़ित का लूटा हुआ फोन बरामद कर लिया गया।

गिरोह का सरगना नवेद खान पेशे से कैटरिंग लेबर है और नशे का आदी है। पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह पिछले एक साल से वारदातों को अंजाम दे रहा था। नवेद ने कबूल किया कि उसने कुछ दिन पहले कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर मोबाइल चोरी की थी और थाना कोटवाली के एक मामले में पीड़ित की कमर पर चाकू से हमला भी किया था। वे लूटे हुए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More