लाहौरी गेट पुलिस ने CEIR का उपयोग कर बरामद किए 20 मोबाइल, 15 पीड़ितों को सौंपे उनके मोबाइल

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की लाहौरी गेट थाना टीम ने ‘मिशन रीकनेक्ट 3.0 – योर फोन्स जर्नी बैक होम’ के तहत एक सराहनीय मानवीय और तकनीकी पहल की है। पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुए और खोए हुए 20 महंगे मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य न केवल अपराधियों को पकड़ना है, बल्कि पीड़ितों को उनके कीमती सामान वापस दिलाकर उन्हें राहत पहुँचाना भी है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने और जनता की मदद के लिए थाना प्रभारी (लाहौरी गेट) निरीक्षक योगेश्वर के नेतृत्व में एएसआई कविंदर, हेड कांस्टेबल नितेश राठी और अमित मलिक की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने भारत सरकार के CEIR पोर्टल और तकनीकी निगरान का प्रभावी उपयोग करते हुए इन फोन को ट्रैक किया।

इस सफलता के बाद, 5 मार्च को लाहौरी गेट थाने में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने 15 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे। अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर पीड़ितों ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली और ‘सर्विस फर्स्ट’ के दृष्टिकोण की जमकर प्रशंसा की।

पुलिस टीम ने बताया कि यह ऑपरेशन पूरी तरह से ‘पीड़ित-केंद्रित’ था, जिसमें जमीनी खुफिया जानकारी और डिजिटल मैपिंग का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। बाकी बचे हुए फोन को भी उनके मालिकों तक पहुँचाने की प्रक्रिया जारी है। दिल्ली पुलिस की इस पहल ने समाज में न्याय और सुरक्षा के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More