भाटी माइंस में कबाड़ बीनने वाले दो दोस्तों से की लूट, चारों आरोपी काबू

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला की मैदान गढ़ी थाना (भाटी माइंस चौकी) टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए दो दोस्तों के साथ हुई लूटपाट के मामले को महज दो घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में नाबालिगों को पकड़ा है, जिन्होंने रंगदारी न देने पर दो युवकों के साथ मारपीट की और उनके पैसे लूट लिए। यह पूरी कार्रवाई एफआईआर दर्ज होने के मात्र दो घंटों के भीतर अंजाम दी गई।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 9 मार्च को भाटी माइंस की संजय कॉलोनी में यह वारदात हुई। शिकायतकर्ता नूर आलम (23 वर्ष), जो कबाड़ बीनने का काम करता है, ने पुलिस को बताया कि ‘V’, ‘D’ और उनके दो साथियों ने उसे गली में रोक लिया। आरोपियों ने उससे ₹50 की मांग की और इनकार करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब नूर आलम का दोस्त फैसल उसे बचाने आया, तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। इसके बाद आरोपियों ने नूर आलम से ₹12,000 और फैसल से ₹2,000 लूट लिए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी प्रभारी (भाटी माइंस) एसआई कमल शर्मा के नेतृत्व में एसआई धर्मवीर, हेड कांस्टेबल अनिल, राकेश, जितेंद्र और कांस्टेबल राजवीर की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिना समय गंवाए संजय कॉलोनी और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की सुनियोजित घेराबंदी और त्वरित कार्रवाई के चलते चारों किशोरों को एफआईआर दर्ज होने के दो घंटे के भीतर ही पकड़ लिया गया।

पकड़े गए चारों आरोपी किशोर हैं और संजय कॉलोनी के ही रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि ये सभी स्कूल छोड़ चुके हैं। पुलिस ने सभी किशोरों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की है और उन्हें ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है। दक्षिण जिला पुलिस ने इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More