बाइक सवार युवक-युवती ने की थी स्नैचिंग, हौज खास पुलिस ने ‘बंटी-बबली’ को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला की हौज खास थाना टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए मोबाइल स्नैचिंग के एक दिलचस्प मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में ‘बंटी-बबली’ की तर्ज पर स्नैचिंग करने वाले एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ बनिया (25 वर्ष), निवासी तिगड़ी एक्सटेंशन और शिवानी मुर्मू उर्फ रिया (23 वर्ष), निवासी नेहरू प्लेस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 9 मार्च को हरियाणा के सोनीपत निवासी रोहित ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, जब वह हौज खास इलाके में था, तब बाइक सवार एक युवक और युवती ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की ओर फरार हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी हौज खास के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई मोहित, हेड कांस्टेबल विशाल, जसवंत और महिला कांस्टेबल अंजलि की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान विशाल और शिवानी के रूप में हुई। तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने तिगड़ी एक्सटेंशन में छापेमारी कर विशाल को उसके घर से गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर उसकी महिला साथी शिवानी को भी नेहरू प्लेस इलाके से हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि विशाल उर्फ बनिया एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, उसकी साथी शिवानी भी पहले स्नैचिंग के एक मामले में शामिल रही है। यह जोड़ा बाइक पर सवार होकर सुनसान रास्तों पर राहगीरों को अपना निशाना बनाता था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस अब छीने गए मोबाइल को बरामद करने का प्रयास कर रही है और यह पता लगा रही है कि इस जोड़े ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More