हरि नगर पुलिस ने शातिर बदमाश को दबोचा; चोरी की स्कूटी और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की हरि नगर थाना टीम ने गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सागर उर्फ नेपाली (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नारायणा गाँव का रहने वाला है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी, एक चोरी का मोबाइल फोन और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने आर्म्स एक्ट, वाहन चोरी और मोबाइल चोरी के तीन अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी रोकने के लिए मुस्तैद गश्त के निर्देश दिए गए हैं। 11 मार्च की रात करीब 9:10 बजे कांस्टेबल मनीष खाटू श्याम स्टेडियम के पास शहीद मेजर राजीव लाल मार्ग पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने जेल रोड की ओर से एक स्कूटी सवार को आते देखा। पुलिसकर्मी को देखते ही चालक ने स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश की।

कांस्टेबल मनीष ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध का पीछा किया और उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक अवैध बटनदार चाकू और एक रियलमी का मोबाइल फोन मिला। जब स्कूटी के नंबर की जांच ज़िपनेट पर की गई, तो पता चला कि वह सुभाष पैलेस थाने से चोरी की गई थी। वहीं बरामद मोबाइल भी हरि नगर थाने में दर्ज चोरी के एक मामले से संबंधित पाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सागर उर्फ नेपाली ने बताया कि वह चोरी की स्कूटी और मोबाइल बेचने के लिए मायापुरी कबाड़ बाजार जा रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More