एएटीएस वेस्ट ने मारपीट के 11 साल पुराने मामले में भगोड़ा आरोपी को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की एएटीएस टीम के ‘पीओ सेल’ ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए मारपीट के मामले में भगोड़े घोषित एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोशन लाल (58 वर्ष), निवासी खेड़ा खुर्द, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी साल 2015 में थाना शाहबाद डेयरी में दर्ज मारपीट और रास्ता रोकने के एक मामले में वांछित था।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार, जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इंस्पेक्टर मुकेश मीणा (प्रभारी एएटीएस/वेस्ट) के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, राज कुमार, राम निवास और महिला हेड कांस्टेबल सुनीता की एक टीम गठित की गई थी।

आरोपी रोशन लाल को सुनवाई के दौरान उपस्थित न होने पर 17 फरवरी को रोहिणी कोर्ट द्वारा ‘प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर’ घोषित किया गया था। टीम ने आरोपी के बारे में स्थानीय खुफिया जानकारी और गुप्त सूचनाएं विकसित कीं। 11 मार्च 2026 को सूचना मिली कि आरोपी खेड़ा खुर्द इलाके में मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और मुखबिर की निशानदेही पर उसे धर दबोचा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35.1(D) के तहत पंजाबी बाग थाने में आवश्यक कानूनी प्रविष्टि की गई है। 58 वर्षीय रोशन लाल पेशे से मजदूर है और शादीशुदा है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने शाहबाद डेयरी थाने से संबंधित एक पुराने मामले को सुलझा लिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More