“अंकल जी” कहकर रोका और फिर लूट लिया; आर.के. पुरम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचे 3 लुटेरे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिला की आर.के. पुरम थाना टीम ने मुस्तैदी और बहादुरी का परिचय देते हुए लूट की वारदात के कुछ ही मिनटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नितेश (24 वर्ष) और बिपिन (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। ये सभी आर.के. पुरम के अंबेडकर बस्ती के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, नकदी भरा पर्स और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 11 मार्च की तड़के करीब 3:30 बजे सेक्टर-01, आर.के. पुरम के विवेकानंद मार्ग पर लूट की यह घटना हुई। मुनिरका निवासी एम. सिंह, जो कीर्ति नगर के एक रेस्टोरेंट में काम करते हैं, काम के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे। तभी नीले रंग की एक्टिवा पर सवार तीन लड़कों ने उन्हें “अंकल जी” कहकर रोका और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने जबरन उनका मोबाइल और पर्स छीन लिया।

वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने पास से गुजर रही पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को देखा और शोर मचाया। गाड़ी में मौजूद हेड कांस्टेबल शशि कपूर मीणा और कांस्टेबल प्रवीण यादव ने बिना समय गंवाए लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आते देख आरोपी मुनिरका फ्लाईओवर की ओर भागने लगे। पुलिस ने रणनीतिक घेराबंदी करते हुए उन्हें टैक्सी स्टैंड के पास इंटरसेप्ट किया। हड़बड़ाहट में लुटेरों की स्कूटी फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच में पता चला है कि आरोपी सुनसान रास्तों पर पैदल चलने वालों को अपना निशाना बनाते थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह गिरोह इलाके में हुई अन्य लूट की वारदातों में भी शामिल रहा है। दिल्ली पुलिस के इन जवानों की तत्परता ने न केवल पीड़ित का सामान वापस दिलाया, बल्कि अपराधियों में कानून का खौफ भी पैदा किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More