लाहोरी गेट में होटल के कमरे में 25 वर्षीय युवती कंबल में लिपटी मिली लाश, पुलिस ने दर्ज किया मामला

नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के लाहोरी गेट स्थित एक होटल में 25 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का शव 11 और 12 मार्च की दरम्यानी रात होटल ‘प्रिंस’ के कमरा नंबर 205 में बिस्तर पर पड़ा मिला। वारदात के बाद से उसके साथ होटल पहुंचा युवक फरार है, जिसकी पहचान अभिषेक तिवारी (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार, चर्च मिशन रोड स्थित प्रिंस होटल के स्टाफ ने रात करीब 12:30 बजे बीट स्टाफ को सूचना दी कि कमरा नंबर 205 अंदर से बंद है और बार-बार खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा खौफनाक था। बेड पर एक युवती मृत पड़ी थी, जिसका शरीर आंशिक रूप से कंबल से ढका हुआ था और बिस्तर पर खून के निशान मौजूद थे। मृतका की पहचान दिल्ली के मौजपुर निवासी युवती के रूप में हुई है।

होटल के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि युवती बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अभिषेक तिवारी के साथ होटल आई थी। शाम करीब 5 बजे अभिषेक कमरे को बाहर से लॉक करके अकेला होटल से निकल गया। देर रात तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो होटल कर्मियों को शक हुआ। दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि आपसी विवाद के बाद अभिषेक ने युवती की हत्या की और फरार हो गया। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More