अपराध मुक्त समाज के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस, 34 अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियारों और शराब का जखीरा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला ने इलाके में जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए एक व्यापक विशेष अभियान चलाया है। डीसीपी आकांक्षा यादव के नेतृत्व में जिले भर में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों, शराब तस्करी और जुए के धंधे में संलिप्त कुल 34 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करना और आम जनता के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।

अभियान के दौरान पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 14 अलग-अलग मामले दर्ज कर 17 अपराधियों को दबोचा। इनके कब्जे से 12 बटनदार चाकू, 02 देशी कट्टे और 04 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा, पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां संभावित संगीन वारदातों को रोकने की दिशा में एक बड़ी सफलता हैं।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 269.75 लीटर अवैध शराब जब्त की। जांच में पता चला कि यह शराब पड़ोसी राज्यों से लाकर दिल्ली के स्थानीय क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी। इसके साथ ही, जुए की गतिविधियों पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 02 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा और जुआ सामग्री जब्त की।

कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर निवारक कार्रवाई भी की है। इसके तहत 65 डीपी एक्ट के अंतर्गत 433 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जबकि 126/170 BNSS के तहत 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 05 व्यक्तियों को एक्साइज एक्ट के तहत पाबंद किया गया और 19 संदिग्ध वाहनों को जब्त किया गया। डीसीपी आकांक्षा यादव ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें ताकि अपराध-मुक्त समाज की संकल्पना को साकार किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More