इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाला ‘झुमरी’ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की बु़रारी थाना टीम ने ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक उर्फ झुमरी (26 वर्ष), निवासी अमृत विहार, बु़रारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि इलाके में दहशत फैलाने वाले और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील डालने वाले अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी गिरीश चंद्र के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल रोहित और सचिन को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग का जिम्मा सौंपा गया था। निगरानी के दौरान पुलिस को एक इंस्टाग्राम प्रोफाइल मिली, जिसमें एक युवक हाथ में देशी कट्टा लेकर फोटो और रील अपलोड कर रहा था।

तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने इस प्रोफाइल की पहचान दीपक उर्फ झुमरी के रूप में की। 3 और 4 मार्च 2026 की दरमियानी रात पुलिस को सूचना मिली कि दीपक बु़रारी ट्रांसपोर्ट ऑफिस के पास आरसीसी रोड से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल रोहित और सचिन ने घेराबंदी की और उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से वही देशी कट्टा बरामद हुआ जिसे उसने इंस्टाग्राम पर दिखाया था।

पूछताछ के दौरान दीपक ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर मशहूर होना चाहता था और ज्यादा लाइक व फॉलोअर्स पाने के लिए उसने अपने दोस्त हिमांशु से यह कट्टा खरीदा था। उसने यह भी खुलासा किया कि वह इन वीडियो के जरिए बड़े गैंगस्टरों के संपर्क में आना चाहता था ताकि अपराध की दुनिया में नाम और पैसा कमा सके।

जांच में सामने आया कि दीपक उर्फ झुमरी पहले भी स्वरूप नगर थाने में दर्ज चोरी के तीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब उस हिमांशु की तलाश की जा रही है जिसने उसे यह अवैध हथियार सप्लाई किया था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More