तीस हजारी चौकी पुलिस का 36 घंटे का ‘डे-नाइट’ ऑपरेशन, 40 वारदातों में शामिल शातिर स्नैचर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तरी जिला की सब्जी मंडी थाना पुलिस (तीस हजारी कोर्ट चौकी) ने एक बेहद चुनौतीपूर्ण और रणनीतिक ऑपरेशन के बाद इलाके के एक कुख्यात झपटमार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान फरमान (26 वर्ष), निवासी न्यू उस्मानपुर के रूप में हुई है। आरोपी न्यू उस्मानपुर थाने का घोषित अपराधी है और उसके खिलाफ डकैती, लूट और स्नैचिंग के 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसके कब्जे से तीन छीने हुए मोबाइल फोन और चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 7 मार्च की सुबह तीस हजारी कोर्ट में ‘प्रोसेस सर्वर’ के पद पर तैनात हरकेश मीणा से खन्ना मार्केट के पास बाइक सवार बदमाश ने उनका सैमसंग S-24 अल्ट्रा फोन छीन लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विदुषी कौशिक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बनवारी लाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई तस्वीर, एएसआई सतीश राणा, कांस्टेबल राजबीर और निशांत की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध का मोबाइल नंबर हासिल किया। तकनीकी निगरानी के दौरान पता चला कि आरोपी पूरे दिन मुखर्जी नगर से सीलमपुर के बीच घूम रहा है। उसकी आखिरी लोकेशन मौरिस नगर के नाले के पास मिली। पुलिस जब वहां पहुँची, तो आरोपी तो नहीं मिला लेकिन वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल वहीं खड़ी मिली। Lपुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और नाले के पास ही करीब 36 घंटे तक डे-नाइट जाल बिछाए रखा। आखिरकार 10 मार्च की सुबह जैसे ही आरोपी अपनी बाइक लेने पहुँचा, पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में फरमान ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए सब्जी मंडी, कश्मीरी गेट और सीलमपुर जैसे इलाकों में स्नैचिंग करता था। उसने कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने 20 दिन पहले कड़कड़डूमा कोर्ट के पास से चोरी की थी। वह छीने हुए फोन राहगीरों को सस्ते दाम पर बेच देता था। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने सब्जी मंडी, भजनपुरा और फर्श बाजार थानों में दर्ज तीन बड़े मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More