रोहिणी पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: एक ही रात में 40 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार, 9 किलो गांजा और भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘गैंग्स और गैंगस्टर्स’ को जड़ से खत्म करने के आह्वान पर अमल करते हुए, रोहिणी जिला पुलिस ने संगठित और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ एक बड़ा महाअभियान चलाया। 11 और 12 मार्च की दरमियानी रात को चलाए गए इस विशेष ‘क्रैकडाउन’ में पुलिस ने अवैध हथियार, जुआ, ड्रग्स और अवैध शराब की तस्करी में शामिल दर्जनों अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया। यह पूरी कार्रवाई रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल और संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी रेंज) विजय सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

इस विशेष अभियान के दौरान रोहिणी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 17 मामले दर्ज कर 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से सात देशी पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस और दस धारदार चाकू बरामद किए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए इन 17 आरोपियों में से 14 पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। इसी तरह, आबकारी अधिनियम के तहत दस मामले दर्ज कर नौ तस्करों को दबोचा गया, जिनसे 2232 क्वार्टर, 84 बोतल अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त 3 स्कूटी बरामद की गई।

नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के तहत दी मामले दर्ज किए गए, जिसमें दो तस्करों की गिरफ्तारी और एक किशोर को हिरासत में लेने के साथ 9.3 किलो गांजा जब्त किया गया। वहीं, जुआ अधिनियम के तहत पांच मामलों में 12 लोगों को गिरफ्तार कर ₹16,890 की दांव राशि बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस अभियान में पकड़े गए कुल अपराधियों में से 15 हिस्ट्रीशीटर हैं और एक घोषित भगोड़ा भी शामिल है।

अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस ने निवारक कार्रवाई भी बड़े पैमाने पर की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 29 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जबकि 604 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ BNSS और डीपी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले के सभी थानों और विशेष इकाइयों को गश्त बढ़ाने और जमानत पर बाहर आए अपराधियों की सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इस सघन अभियान से न केवल अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिरा है, बल्कि आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भाव भी मजबूत हुआ है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More