मास्टर की से उड़ाता था गाड़ियाँ: आनंद पर्वत पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, 4 गाड़ियाँ बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के मध्य जिला की आनंद पर्वत थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनीष (26 वर्ष), निवासी आनंद पर्वत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। इन गिरफ्तारियों के साथ पुलिस ने आनंद पर्वत और सराय रोहिल्ला थानों में दर्ज वाहन चोरी के 4 अलग-अलग मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है।

मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 7 मार्च को आनंद पर्वत थाने में एक मोटरसाइकिल चोरी की ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। पीड़ित ने बताया था कि 6 मार्च की रात उसके घर के बाहर खड़ी होंडा लीवो बाइक चोरी हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पटेल नगर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र, संजय, कांस्टेबल गिरधारी और राजेश की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी शुरू की। 10 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रामजस स्कूल के पास जाल बिछाया और मनीष को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई होंडा लीवो बाइक बरामद हुई। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मास्टर की का इस्तेमाल कर गाड़ियों के लॉक खोलता था। उसने बताया कि वह नशे की लत को पूरा करने और जल्दी पैसा कमाने के लिए ये चोरियां करता था।

जांच में सामने आया कि मनीष पहले भी आनंद पर्वत थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आनंद पर्वत से चोरी की गई एक स्कूटी व अपाचे बाइक और सराय रोहिल्ला से चोरी की गई पैशन प्रो बाइक भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह इन गाड़ियों को किसे बेचने वाला था और क्या इस गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More