शाहदरा ANTF ने महिला ड्रग पेडलर को दबोचा, 55 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गीता कॉलोनी की सफेदा झुग्गी में छापेमारी कर एक 19 वर्षीय महिला ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान रूपा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 55.52 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने इलाके में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारी चोट की है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 11 मार्च को ANTF टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गीता कॉलोनी की सफेदा झुग्गी में एक महिला अवैध रूप से स्मैक की बिक्री और सप्लाई में शामिल है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (ऑपरेशंस) राम शंकर गोटेवाल के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर विनोद कुमार (प्रभारी ANTF) के नेतृत्व में एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल विकास मलिक और महिला कांस्टेबल शिवानी सहित एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया और संदिग्ध रूपा को घेराबंदी कर पकड़ लिया। कानूनन तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी पॉलीथीन बैग बरामद हुआ, जिसे उसने अपनी पैंट की दाहिनी जेब में छिपा कर रखा था। जांच करने पर उसमें 55.52 ग्राम स्मैक पाई गई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर थाना गीता कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी रूपा ने खुलासा किया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करती है, लेकिन आर्थिक तंगी और जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह एक ड्रग सप्लायर के संपर्क में आई और स्मैक बेचने लगी। रूपा एक आदतन अपराधी है और पहले भी गीता कॉलोनी और लक्ष्मी नगर थानों में दर्ज लूट और चोरी के दो आपराधिक मामलों में शामिल रही है।

शाहदरा जिला पुलिस अब उस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है जहाँ से रूपा यह नशीला पदार्थ खरीदती थी। पुलिस का उद्देश्य न केवल पेडलर्स को पकड़ना है, बल्कि नशीले पदार्थों की पूरी ‘सप्लाई चेन’ को ध्वस्त करना है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More