पुलिस को देखते ही भागा स्नैचर, पीछा कर सीमापुरी पुलिस ने दबोचा, लूटा हुआ मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला की सीमापुरी थाना टीम ने एक स्नैचिंग के मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश (31 वर्ष), निवासी रोहताश नगर, शाहदरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना हुआ वीवो मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि आकाश एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, स्नैचिंग और लूट के सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 7 मार्च को बाबरपुर निवासी महेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अप्सरा बॉर्डर गोलचक्कर के पास एक बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। इस संबंध में सीमापुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले को सुलझाने के लिए हेड कांस्टेबल देवेंद्र, मोनू कुमार और कांस्टेबल विक्रम की एक टीम गठित की गई। 11 मार्च की शाम को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लूटा गया मोबाइल लेकर एक संदिग्ध व्यक्ति झिलमिल इंडस्ट्रियल एरिया पहुँचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुँचा और उसने पुलिस को देखा, तो उसने भागने की कोशिश की। हालांकि, अलर्ट पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्नैचिंग की वारदात कबूल कर ली। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह हाल के दिनों में शाहदरा और सीमावर्ती इलाकों में हुई अन्य स्नैचिंग की वारदातों में भी शामिल रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More