बहू-बेटे के झगड़े में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, कलयुगी बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, आरोपी बेटा गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी 60 वर्षीय बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना बुधवार की है, जब आरोपी अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था और मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। गुस्से में पागल बेटे ने अपनी ही मां को उठाकर फर्श पर दे मारा, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान हमीदुन निशा (60) के रूप में हुई है। वह न्यू सीमापुरी के मकान में अपने परिवार के साथ रहती थीं। आरोपी बेटा शेर अली (27), जो उत्तर प्रदेश के लोनी (गाजीपुर) में दर्जी का काम करता है, बुधवार को अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ रहा था। जब झगड़ा बढ़ा तो हमीदुन निशा ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान शेर अली ने आपा खो दिया और अपनी मां को धक्का देकर फर्श पर पटक दिया।

घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। हमीदुन निशा की बेटी शबनम ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसके भाई शेर अली ने मां की बेरहमी से पिटाई की और उन्हें जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में घातक चोट आई और उनकी जान चली गई। सूचना मिलते ही सीमापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीमापुरी थाना पुलिस ने शबनम के बयान के आधार पर आरोपी शेर अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी कभी अपनी मां के साथ मारपीट की थी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More