बिंदापुर में भीषण आग के बीच झुग्गीवासियों को सुरक्षित निकाल बचाई मासूम जिंदगियां

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला अंतर्गत बिंदापुर थाना क्षेत्र के मंसा राम पार्क स्थित झुग्गियों में बीती रात भीषण आग लग गई। 11 मार्च की रात लगभग 11:57 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, दिल्ली पुलिस के जवानों और पीसीआर कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और अदम्य साहस की वजह से एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया गया। घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही बिंदापुर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश सांगवान के नेतृत्व में एसआई दीपक, संदीप और हेड कांस्टेबल मोहित व सुनील सहित पूरी टीम मौके पर पहुँची। साथ ही पीसीआर स्टाफ, विशेषकर हेड कांस्टेबल राम रतन, ने रक्षक की भूमिका निभाते हुए झुग्गियों में सो रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग की गंभीरता को देखते हुए 28 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया।

ऑपरेशन के दौरान पुलिस कर्मियों ने अनुकरणीय साहस का परिचय दिया। आग की लपटों के बिल्कुल पास एक कार पार्क थी, जिसमें CNG किट लगी हुई थी। अत्यधिक गर्मी के कारण कार में विस्फोट होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था। पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार का शीशा तोड़ा और उसे धक्का देकर आग से दूर ले गए, जिससे एक संभावित बड़ा धमाका टल गया।

गौरतलब है कि इसी स्थान पर 7 मार्च को भी आग लगने की घटना हुई थी, जिसे 8 दमकल गाड़ियों की मदद से बुझाया गया था। उस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बार-बार एक ही स्थान पर आग लगने का कारण क्या है। फिलहाल प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्य जारी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More