टोयोटा कोरोला एल्टिस से शराब की तस्करी, द्वारका जिला पुलिस ने पकड़ी 1500 क्वार्टर अवैध शराब

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने ड्रग्स फ्री द्वारका अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय सप्लायर अंकु यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक टोयोटा कोरोला एल्टिस कार और उसमें रखी 1500 क्वार्टर अवैध शराब (30 कार्टन) बरामद की है। यह शराब केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ छेड़ी गई निर्णायक जंग के तहत इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव, जयभगवान, महिपाल और कांस्टेबल स्वपन देबबर्मा शामिल थे। टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा के बहादुरगढ़ बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में अवैध शराब की बड़ी खेप आने वाली है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नजफगढ़ स्थित यूईआर-II के पास साईं बाबा मंदिर एग्जिट पर जाल बिछाया। जैसे ही सफेद रंग की कोरोला एल्टिस कार वहां पहुँची, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और जयभगवान ने अपनी गाड़ी से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी अंकु यादव ने गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे पीछा कर दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर एडीएस मोटा संतरा ब्रांड के 30 कार्टन बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान नजफगढ़ निवासी अंकु यादव ने बताया कि वह कम पढ़ा-लिखा है और पेशे से ड्राइवर है। जल्दी और आसान पैसा कमाने के लालच में वह गोपाल नामक व्यक्ति के संपर्क में आया और फाइनेंस पर पुरानी लग्जरी कार खरीदकर शराब तस्करी के धंधे में उतर गया। आरोपी पहले भी थाना छावला में दर्ज सड़क दुर्घटना के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शराब के मुख्य स्रोत व अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More