एएटीएस की टीम ने शातिर वाहन चोर को दबोचा, चोरी के तीन वाहन बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला की एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) टीम ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान शास्त्री पार्क स्थित बुलंद मस्जिद निवासी अरमान (21) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने जगतपुर, जाफराबाद और न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्रों से चोरी हुए वाहनों के तीन मामलों को सुलझा लिया है।

पुलिस के अनुसार, एएटीएस के प्रभारी निरीक्षक योगेश वशिष्ठ के नेतृत्व में पुलिस टीम जिले में वाहन चोरों पर नजर रख रही थी। 11 मार्च को टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन चोर चोरी की बाइक के साथ मुख्य लोणी रोड से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने लोणी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास घेराबंदी की और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोक लिया। जब पुलिस ने उससे वाहन के दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका।

जांच करने पर पता चला कि वह हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल जगतपुर इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी अरमान को बीएनएसएस की धारा 35(1) के तहत हिरासत में ले लिया और गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो अन्य वाहन भी बरामद किए। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने ये वाहन किसे बेचने के लिए चुराए थे और इस गिरोह में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है। मामले की आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More