स्पेशल स्टाफ ने पकड़ी शराब की बड़ी खेप; सैंट्रो कार से 2500 क्वार्टर बरामद, तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की विशेष स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मयूर विहार इलाके में घेराबंदी कर एक शराब सप्लायर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 2500 क्वार्टर (50 कार्टन) अवैध शराब बरामद की है। यह शराब केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य थी। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाली हुंडई सैंट्रो कार को भी जब्त कर लिया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि जिले में शराब तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआई अमन, एएसआई राजकुमार और हेड कांस्टेबल विशाल की एक विशेष टीम गश्त पर थी। 11 और 12 मार्च की दरमियानी रात टीम को गुप्त सूचना मिली कि डीएनडी की तरफ से एक सैंट्रो कार में अवैध शराब की बड़ी खेप मयूर विहार की ओर आने वाली है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्राउन प्लाजा रेड लाइट के पास रणनीतिक जाल बिछाया। रात करीब 12:40 बजे एक सफेद सैंट्रो कार आश्रम की ओर से आती दिखाई दी। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और अक्षरधाम फ्लाईओवर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार का पीछा किया और समसपुर गाँव के पीछे मेट्रो पिलर नंबर 52 के पास उसे ओवरटेक कर रोक लिया।

कार चला रहे व्यक्ति की पहचान दलीप (27 वर्ष), निवासी समसपुर के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर ‘एडीएस फ्रेश संतरा मसालेदार देसी शराब’ के 50 कार्टन बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दलीप पहले भी कल्याणपुरी थाने में दर्ज आबकारी अधिनियम के एक मामले में शामिल रहा है। वह हरियाणा से सस्ते दाम पर शराब लाकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पुलिस ने इस संबंध में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस सप्लाई चेन के मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More