स्पेशल स्टाफ ने खूंखार स्नैचर को दबोचा, चोरी के 17 मोबाइल फोन बरामद, 15 मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने स्नैचिंग की वारदातों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुमित (22 वर्ष), निवासी कल्याणपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 17 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ पूर्वी दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज स्नैचिंग और चोरी के 15 संगीन मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 11 मार्च को त्रिलोकपुरी मेट्रो स्टेशन के पास एक महिला से मोबाइल छीनने की शिकायत प्राप्त हुई थी। पीड़िता अपने पति की मोटरसाइकिल पर बैठी थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और उसका फोन छीनकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी (ऑपरेशंस) पवन कुमार के मार्गदर्शन और विशेष स्टाफ प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एसआई गौरव, हेड कांस्टेबल हिमांशु और नरेश की एक समर्पित टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर टीम ने कल्याणपुरी इलाके में छापेमारी की और सुमित को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से पांडव नगर से छीना गया मोबाइल मिल गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने छीने हुए फोन कल्याणपुरी के अंबेडकर पार्क के पास एक खंडहर इमारत में छिपा रखे हैं। पुलिस ने वहां से एक बैग में रखे 16 और मोबाइल फोन बरामद किए।

जांच में पुष्टि हुई है कि बरामद 17 फोनों में से 14 फोन पूर्वी जिले के पांडव नगर, शकरपुर, गाजीपुर, कल्याणपुरी और मयूर विहार जैसे विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जुड़े हुए हैं। 22 वर्षीय सुमित पहले भी स्नैचिंग और चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है। वह भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेट्रो स्टेशनों के पास अकेले चल रहे लोगों को अपना निशाना बनाता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इन फोनों को आगे किसे बेचने की फिराक में था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More