खाने का लालच देकर बच्चा ले उड़ी थी महिला, पुलिस ने रूप नगर से दंपति को दबोचा

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर आठ महीने के मासूम बच्चे के अपहरण की गुत्थी को सुलझाते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने फ्लाईओवर के नीचे रहने वाली एक महिला से उसका बच्चा चुराया था। पुलिस की इस तत्परता से एक मां को उसका बच्चा वापस मिल गया, जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 मार्च को खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शाम करीब 4:30 बजे एक अज्ञात महिला उसके पास आई। उस महिला ने खाने का सामान देने के बहाने उसे अपनी बातों में उलझाया और मौका पाते ही उसके आठ महीने के बेटे को लेकर रफूचक्कर हो गई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए खजूरी खास थाना प्रभारी राकेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने रूप नगर इलाके में छापेमारी कर 30 वर्षीय महिला को धर दबोचा और उसके पास से अगवा किए गए मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके पति पवन (31) को भी गिरफ्तार कर लिया, जो इस पूरी साजिश में शामिल था।

पुलिस ने बरामद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी दंपति से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया और क्या वे किसी संगठित बच्चा चोर गिरोह का हिस्सा हैं। पुलिस की इस कामयाबी पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने टीम की सराहना की है। मामले की आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More