दिल्ली के स्क्रैप कारोबारी के कत्ल की खौफनाक दास्तां, चाकू से गला रेतकर लूटे एक लाख, दो गिरफ्तार

फरीदाबाद : दिल्ली के चांदनी महल इलाके से लापता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद आरिब की सनसनीखेज हत्या के मामले में फरीदाबाद की आदर्श नगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महज एक लाख रुपये की लूट के लिए आरिब का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल (22) निवासी हाथरस और बाबू (24) निवासी फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय आरिब 7 मार्च को दिल्ली से फरीदाबाद के गोच्छी क्षेत्र में स्क्रैप खरीदने के लिए निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने दिल्ली के चांदनी महल थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस की तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि आरिब आखिरी बार राहुल के संपर्क में था। पुलिस ने जब राहुल को अलीगढ़ से हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने साथी बाबू के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर सेक्टर 60 स्थित रेलवे लाइन के पास से आरिब का शव बरामद किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि राहुल पिछले 4-5 महीनों से आरिब को जानता था और उसे पता था कि आरिब अपने पास काफी नकदी रखता है। लालच में आकर राहुल और बाबू ने लूट की साजिश रची और आरिब को बहाने से फरीदाबाद बुलाया। 7 मार्च को जब आरिब अपनी स्कूटी पर पहुंचा, तो दोनों आरोपी उसके साथ बैठ गए। सुनसान जगह देखकर बाबू ने चलती स्कूटी पर ही आरिब का गला रेत दिया। नीचे गिरने के बाद दोनों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों से लूट की रकम और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More