निर्वासन के बाद दोबारा अवैध रूप से भारत घुसे दो बांग्लादेशी गिरफ्तार, देह व्यापार और तस्करी के रैकेट का खुलासा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की फॉरेनर सेल ने एक साहसिक ऑपरेशन के दौरान दो अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें पिछले साल ही उत्तराखंड से निर्वासित किया गया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिप्तो कुमार पाल उर्फ विकास (28 वर्ष) और रूमा बेगम (27 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों न केवल अवैध रूप से सीमा पार कर दोबारा दिल्ली पहुँचे, बल्कि यहां जहांगीरपुरी इलाके में देह व्यापार और मानव तस्करी का सिंडिकेट भी संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से प्रतिबंधित IMO एप्लीकेशन वाले दो स्मार्ट फोन और गैलरी में छिपे 6 बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 25 फरवरी को निर्वासित की गई तीन बांग्लादेशी महिलाओं से पूछताछ में विकास का नाम सामने आया था, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कराने और महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने का काम करता था। एसीपी राजीव कुमार के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में एसआई श्यामबीर, एएसआई विजय और राजेंद्र की टीम ने सोशल मीडिया और तकनीकी सर्विलांस के जरिए इन पर नजर रखी। 9 मार्च को सटीक सूचना मिली कि विकास अपनी पत्नी रूमा के साथ जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास आने वाला है।

आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पुलिस ने एक स्टिंग ऑपरेशन की योजना बनाई। पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर संदिग्धों के पास पहुँचे और जैसे ही आरोपियों ने अवैध गतिविधि के लिए पैसों का सौदा तय किया, महिला पुलिसकर्मियों सहित पूरी टीम ने उन्हें चारों ओर से घेरकर दबोच लिया। शुरुआत में दोनों ने खुद को भारतीय नागरिक बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन डिजिटल साक्ष्यों और गहन जांच के बाद उनके बांग्लादेशी होने की पुष्टि हो गई।

जांच में यह भी पता चला कि विकास सीमा पार कराने में मदद करता था और दिल्ली लाने के बाद महिलाओं से कमीशन वसूलता था। आरोपियों को एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया है और उनके दोबारा निर्वासन की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि निर्वासन के बावजूद वे किन रास्तों से दोबारा भारत में प्रवेश करने में सफल रहे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से एजेंट शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More