आजादपुर मेट्रो स्टेशन के पास छात्र से चाकू की नोक पर लूट, मॉडल टाउन पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, मोबाइल और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की मॉडल टाउन थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक कॉलेज छात्र के साथ हुई लूटपाट के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक मुख्य आरोपी सौरभ उर्फ पापी (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है और उसके एक किशोर साथी को भी हिरासत में लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आजादपुर की लाल बाग झुग्गी के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल फोन, पर्स और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 9 मार्च की दोपहर लगभग 2:30 बजे, रोहिणी निवासी 19 वर्षीय छात्र दक्ष के साथ आजादपुर मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते समय लूटपाट हुई थी। परमेश्वरी बाग के गेट के पास दो लड़कों ने उसे घेरा, चाकू दिखाकर डराया और उसका मोबाइल व पर्स छीनकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सुरेश चंदर के मार्गदर्शन और एसएचओ अशोक गिरी के नेतृत्व में एसआई जोगिंदर, हेड कांस्टेबल पवन, हकीकत और कांस्टेबल सांवल मल की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी निगरानी और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने लाल बाग इलाके में छापेमारी कर दोनों संदिग्धों को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में सामने आया कि सौरभ उर्फ पापी और उसका साथी पहली बार अपराध की दुनिया में आए हैं। उन्होंने जल्दी और आसान तरीके से पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पकड़े गए किशोर को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि सौरभ से अन्य संभावित वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है। मॉडल टाउन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर नागरिकों का भरोसा मजबूत किया है। फिलहाल मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More