शालीमार बाग में आपसी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, दो किशोर हिरासत में

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर एक 30 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में पथराव की खबरें उड़ी थीं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। घायल की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला आपसी रंजिश का है। घायल देवेंद्र शालीमार बाग थाने का घोषित बदमाश है और उस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों और देवेंद्र के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने देवेंद्र को अकेला देखकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पथराव की चर्चाओं को खारिज करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह केवल दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प थी। पुलिस ने इस संबंध में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है और दोनों किशोरों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More