दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ‘छेनू गैंग’ के दो खूंखार गुर्गों को दबोचा, जयपुर की ₹70 लाख की सनसनीखेज चोरी सुलझी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-I) ने एक बड़े ऑपरेशन के दौरान ‘छेनू गैंग’ से जुड़े दो कुख्यात अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राशिद उर्फ सोनू (35 वर्ष) और फहीम उर्फ डैनी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी मयूर विहार और त्रिलोकपुरी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और एक टाटा पंच कार बरामद की है। राशिद उर्फ सोनू एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली और अन्य राज्यों में 21 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि 5 मार्च को क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि छेनू गैंग के नए सदस्य रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसीपी राज कुमार के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। रात के समय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध टाटा पंच कार को रोका। कार में सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मुस्तैदी से दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से लोडेड हथियार बरामद हुए। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राशिद उर्फ सोनू जयपुर के थाना विधायक पुरी में दर्ज ₹70 लाख की ज्वैलरी चोरी के मामले में मुख्य आरोपी है और फरार चल रहा था। जनवरी में उसने जयपुर में एक घर से भारी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी पार की थी। इसके अलावा, वह हाल ही में आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश (आगरा) में भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

दूसरा आरोपी फहीम उर्फ डैनी, राशिद का बचपन का दोस्त है। वह पेशे से मालिश करने वाला है, लेकिन राशिद की लग्जरी लाइफस्टाइल को देखकर अपराध की दुनिया में शामिल हो गया। क्राइम ब्रांच ने इस संबंध में नया मामला दर्ज कर लिया है और राजस्थान पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन्होंने चोरी की ज्वैलरी कहाँ ठिकाने लगाई है और इनके नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More