मोती नगर पुलिस ने दो शातिर सेंधमारों को दबोचा, चोरी की नकदी, जेवर बरामद, 7 वारदातों का खुलासा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की मोती नगर थाना टीम ने इलाके में चोरी और सेंधमारी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल (23 वर्ष) और फैजान अली (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के बवाना इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹38,600 की नकदी, चांदी की पायल, कांसे के बर्तन और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ पुलिस ने मोती नगर थाने में दर्ज चोरी के 7 अलग-अलग मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि मोती नगर इलाके में घरों में हो रही चोरी की शिकायतों को देखते हुए थाना प्रभारी वरुण दलाल के नेतृत्व में एक विशेष ‘क्रैक टीम’ और बीट स्टाफ को सतर्क किया गया था। इंस्पेक्टर पंकज कुमार के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश, जितेंद्र, योगेश, अमित और कांस्टेबल प्रदीप की टीम संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थी। 7 मार्च की रात पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोती नगर की विभिन्न कॉलोनियों में बंद घरों को निशाना बनाते थे और वहां से कीमती सामान व नकदी लेकर फरार हो जाते थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राहुल और फैजान पहले भी बवाना थाने में दर्ज लूट और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामलों में शामिल रहे हैं। वे बवाना से आकर पश्चिमी दिल्ली के रिहायशी इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है और इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन से इलाके में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से उनके अन्य संभावित साथियों और क्षेत्र में हुई अन्य छोटी-बड़ी वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More