मुखर्जी नगर में ‘बुली’ करने का बदला लेने के ऑनलाइन मंगाए चाकू और किया हमला, पुलिस ने दो किशोरों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की मुखर्जी नगर थाना टीम ने जीटीवी नगर मेट्रो स्टेशन के पास हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात को सुलझाते हुए दो किशोरों को पकड़ा है। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हमलावरों ने पीड़ितों को सबक सिखाने के लिए यह साजिश रची थी, क्योंकि पीड़ित और उनके दोस्त कथित तौर पर इन किशोरों को लंबे समय से परेशान (बुली) कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 5 मार्च की शाम जीटीवी नगर बस स्टॉप के पास आकाश तोमर और उसके मित्र अर्शिल पर कुछ लड़कों ने चाकुओं से हमला किया था। विवाद की शुरुआत एक रेहड़ी पर खाने के दौरान हुई मामूली टक्कर से हुई, जिसके बाद अर्शिल ने एक लड़के को थप्पड़ मार दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने आकाश पर 2-3 और अर्शिल पर 4-5 बार चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मॉडल टाउन सुरेश चंद्र और एसएचओ राजीव शाह के नेतृत्व में एसआई कृष्ण पाल और एएसआई ओमपाल की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पहले एक किशोर को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर भलस्वा क्षेत्र में एक खुले मैदान में जमीन के नीचे दबाकर छिपाया गया चाकू बरामद किया गया। इसके बाद दूसरे किशोर को भी गिरफ्तार किया गया, जो लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अर्शिल और उसके दोस्तों द्वारा की जाने वाली ‘बुलिंग’ से तंग आ चुके थे और बदला लेने के लिए उन्होंने मिशू ऐप के जरिए ऑनलाइन चाकू मंगवाए थे।

पुलिस ने इस संबंध में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित रंजिश का परिणाम था। पुलिस ने दोनों चाकुओं को जब्त कर लिया है और किशोरों को संबंधित बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस विवाद में कोई और बाहरी व्यक्ति तो शामिल नहीं था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More