मालवीय नगर में मणिपुर की महिला से बदसलूकी और मारपीट, दिल्ली पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला की मालवीय नगर थाना टीम ने सतपुड़ा पार्क में मणिपुर की एक महिला के साथ हुई मारपीट और बदसलूकी के मामले को तत्परता से सुलझाते हुए 4 आरोपियों को पकड़ लिया है। पकड़े गए सभी आरोपी किशोर हैं, जिनमें से तीन स्कूल ड्रॉपआउट हैं और एक सातवीं कक्षा का छात्र है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार (बेल्ट) भी बरामद कर लिया है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 9 मार्च को मालवीय नगर के सतपुड़ा पार्क में झगड़े और मारपीट की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। पीड़िता जो मूल रूप से भाटी माइंस इलाके की रहने वाली है, ने बताया कि वह पार्क में अपने एक दोस्त से मिलने आई थी। वहां मौजूद 15-16 साल के कुछ लड़कों ने उन पर अभद्र टिप्पणियाँ और यौन स्लर पास करना शुरू कर दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो लड़के आक्रामक हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने उन पर कमर की बेल्ट से हमला किया, जिससे उनके चेहरे और कान के पास चोटें आईं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी हौज खास ऋतुराज के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक विनय यादव के नेतृत्व में विशेष टीम और स्पेशल स्टाफ की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से इलाके में कई जगहों पर छापेमारी की और चारों आरोपियों को धर दबोचा। घायल महिला को तुरंत मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में गहन जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उन्हें उचित उपचार प्रदान किया गया।

पुलिस ने इस संबंध में एफआईआ दर्ज कर ली है। जांच के दौरान स्थानीय पुलिस लगातार पीड़िता के संपर्क में रही और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किशोरों ने अचानक हुई कहासुनी के बाद इस घृणित कृत्य को अंजाम दिया था। फिलहाल सभी आरोपियों को संबंधित किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More