आजादपुर मंडी के पास दबोचा गया जहांगीरपुरी का अपराधी: चोरी की बाइक और 4 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की बढोला चौकी (थाना महेंद्र पार्क) टीम ने सड़क अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर चोर और ऑटो-लिफ्टर आफताब (26 वर्ष), निवासी जहांगीरपुरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार चोरी के महंगे मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच में सामने आया कि आफताब एक आदतन अपराधी है, जो पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के दस गंभीर मामलों में शामिल रहा है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 9 मार्च की सुबह एसीपी शालीमार बाग रोहित गुप्ता के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विजय शनवाल के नेतृत्व में एसआई सचिन, हेड कांस्टेबल रविंदर और कांस्टेबल बिजेंद्र की टीम आजादपुर मंडी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखा। पुलिस का इशारा पाकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क गश्ती दल ने उसे कुछ ही दूरी पर पीछा कर दबोच लिया।

जांच के दौरान जब मोटरसाइकिल का विवरण ज़िपनेट पर चेक किया गया, तो वह थाना अशोक विहार से चोरी की पाई गई। इसके अलावा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 4 मोबाइल फोन मिले, जो महेंद्र पार्क क्षेत्र से अलग-अलग समय पर चोरी किए गए थे। पूछताछ में आफताब ने स्वीकार किया कि वह आसान तरीके से पैसा कमाने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में वारदातों को अंजाम देता था।

इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने महेंद्र पार्क और अशोक विहार थानों में दर्ज 5 अलग-अलग मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। आरोपी के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के बारे में भी गहनता से पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More