पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र के टेलकम टी-पॉइंट के पास मिला युवक का शव, पुलिस को नहीं मिला चोट का निशान

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके में रविवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। टेलकम टी-पॉइंट के पास डीडीए की खाली पड़ी जमीन पर करीब 31 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच और फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण में शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान या संदिग्ध परिस्थिति की बात सामने नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार, आठ मार्च को सूचना मिली थी कि टेलकम टी-पॉइंट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद क्राइम और फॉरेंसिक टीमों को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की, तो उसकी पहचान मंडावली के स्कूल ब्लॉक निवासी पुष्पेंद्र उर्फ आकाश (31) के रूप में हुई। पुष्पेंद्र के पिता का नाम बुद्धपाल सिंह बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या या किसी आपराधिक गतिविधि का नहीं लग रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More