बिंदापुर थाना की क्रैक टीम ने 3 चोरी की स्कूटी और मोबाइल के साथ शातिर को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की बिंदापुर थाना टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अली हुसैन उर्फ लल्ले (24 वर्ष), निवासी भगवती विहार, बिंदापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर तीन चोरी की स्कूटी और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी अली हुसैन एक आदतन अपराधी है, जो पहले भी चोरी और स्नैचिंग के नौ से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 24 फरवरी को उत्तम नगर निवासी मनोज कटारिया ने अपनी स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले को सुलझाने के लिए एसीपी डाबरी किशोर कुमार रेवला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नीरज, नरेंद्र और कांस्टेबल राजेश डागर व आशीष की एक विशेष ‘क्रैक टीम’ गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।

जांच के दौरान एक कैमरे में नकाबपोश आरोपी स्कूटी चुराते हुए दिखाई दिया। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने अली हुसैन को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी की अन्य स्कूटी उत्तम नगर ईस्ट स्थित गुरुद्वारे के पास एक संकरी गली में छिपाकर रखी हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से दो और स्कूटी बरामद कीं।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने बिंदापुर, रंजीत नगर और द्वारका नॉर्थ थानों में दर्ज चोरी के 4 अलग-अलग मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चोरी के इन वाहनों को किसे बेचने की फिराक में था। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More