50 संगीन जुर्म, बार-बार ठिकाने बदलना; फिर भी द्वारका पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की एंटी-बर्गरली सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इलाके के कुख्यात और घोषित अपराधी राहुल उर्फ फैयाद (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, स्नैचिंग और चोरी जैसे 50 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे दिल्ली की एक अदालत ने फरवरी में भगोड़ा घोषित किया था। आरोपी इतना शातिर था कि वह बार-बार अपने ठिकाने बदलता था और अक्सर यह शेखी बघारता था कि पुलिस उसे कभी नहीं पकड़ पाएगी।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि भगोड़ों और वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी-बर्गरली सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर विवेक मैंदोला के नेतृत्व में एएसआई राजेश, एसआई विनोद, हेड कांस्टेबल अनिल और महिला हेड कांस्टेबल सोनिया की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने राहुल के डाबरी स्थित पुराने ठिकानों पर कई बार छापेमारी की, लेकिन वह वहां से बहुत पहले ही भाग चुका था।

पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी की पत्नी द्वारका सेक्टर-2 के एक अपार्टमेंट में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है। टीम ने गुप्त रूप से उसकी पत्नी का पीछा करना शुरू किया। कई दिनों की मेहनत के बाद पुलिस टीम आरोपी के नए किराए के मकान तक पहुँचने में सफल रही और घेराबंदी कर राहुल उर्फ फैयाद को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि राहुल नशे का आदी है और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए ही उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा था। वह डाबरी सब-डिवीजन का सक्रिय अपराधी है और पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे संबंधित मामले में कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस गिरफ्तारी से इलाके में चोरी और लूट की कई अन्य वारदातों के सुलझने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक संपर्कों की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More