पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस ने 38 मामलों में शामिल हिस्ट्रीशीटर को दबोचा; अवैध हथियार और लूट के मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की पश्चिम विहार ईस्ट थाना टीम ने इलाके में गश्त के दौरान एक बेहद शातिर और घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश उर्फ अक्कू उर्फ गोलू (30 वर्ष), निवासी सुलतानपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और लूट के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी आकाश निहाल विहार थाने का बैड कैरेक्टर है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 38 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 7 मार्च को हेड कांस्टेबल रामचंद्र, मंजीत, कुलदीप, नीरज और कांस्टेबल तरुण की टीम पीरागढ़ी स्थित डीडीए ग्राउंड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस की मौजूदगी भांपकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों ओर से घेरकर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से लोडेड पिस्तौल और दो मोबाइल फोन मिले।

सघन पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि बरामद किए गए दोनों मोबाइल फोन पश्चिम विहार ईस्ट थाने में दर्ज स्नैचिंग और चोरी के मामलों से संबंधित हैं। इसके अलावा, आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हाल ही में इलाके में एक सोने की चेन भी झपटी थी। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने पश्चिम विहार ईस्ट थाने के तीन अलग-अलग मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आकाश एक आदतन अपराधी है जो जेल से बाहर आने के बाद फिर से वारदातों को अंजाम देने लगता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद सामान को केस प्रॉपर्टी के रूप में जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से छीनी गई सोने की चेन बरामद करने और उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है। इलाके में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में इस हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More