ज्वालापुरी से बाइक चोरी कर रोहिणी और मंगोलपुरी में की स्नैचिंग; सुल्तानपुरी के दो हिस्ट्रीशीटर धराए

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की मंगोलपुरी थाना टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बेहद शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ लाला और सुधीर के रूप में हुई है, जो सुल्तानपुरी थाने के घोषित अपराधी हैं। इन दोनों के खिलाफ सामूहिक रूप से 54 आपराधिक मामले (दीपक पर 37 और सुधीर पर 17) दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 7 मार्च को जयपुर गोल्डन हॉस्पिटल में सुरक्षाकर्मी के रूप में काम करने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता जब ड्यूटी पर जा रही थी, तब वेस्ट एन्क्लेव बस स्टैंड के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और पीरागढ़ी की ओर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसआई प्रीत डबास और हेड कांस्टेबल विकास की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की तस्वीरें प्राप्त हुईं। मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने 8 मार्च को सुल्तानपुरी में छापेमारी कर दीपक उर्फ लाला को उसके घर से दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर छीना गया मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद उसके साथी सुधीर को भी गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर गंदा नाला, सुल्तानपुरी के पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह बाइक पश्चिम विहार वेस्ट इलाके से चोरी की गई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने सुधीर के साथ मिलकर पहले ज्वालापुरी से बाइक चोरी की और फिर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया। उन्होंने उसी दिन रोहिणी के माउंट आबू स्कूल के पास भी एक मोबाइल छीना था। इन गिरफ्तारियों से पुलिस ने मंगोलपुरी, रोहिणी और पश्चिम विहार के तीन अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनके अन्य आपराधिक संपर्कों की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More