वकील पर गोली चलाने वाला शातिर शूटर दो साथियों संग गिरफ्तार, विदेशी पिस्तौल और कारतूस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मयूर विहार इलाके में एक वकील पर गोली चलाने वाले मुख्य शूटर शोएब उर्फ अज्जू (23 वर्ष) को उसके दो साथियों मोहम्मद अनीस (36 वर्ष) और माजिद (24 वर्ष) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक विदेशी “मेड इन इटली” पिस्तौल, 08 जिंदा कारतूस और दो स्कूटी बरामद की है। मुख्य आरोपी अज्जू मयूर विहार थाने का बैड कैरेक्टर है और उस पर हत्या के प्रयास, लूट और स्नैचिंग जैसे सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह जनवरी 2026 में हुई फायरिंग की वारदात के बाद से फरार चल रहा था।

डीसीपी (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी अज्जू एमजी रोड स्थित रोज गार्डन के पास अपने साथियों से मिलने आने वाला है। इस सूचना पर एसीपी ऑपरेशंस कमल शर्मा के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर रोहित कुमार के नेतृत्व में एसआई बलजीत सिंह, दीपक और अन्य जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 5 मार्च की रात करीब 11 बजे गांधी स्मारक निधि के पास जाल बिछाया और दो स्कूटी पर सवार होकर आए तीनों संदिग्धों को सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान अज्जू की कमर से लोडेड विदेशी पिस्तौल बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान अज्जू ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह ग्रेजुएट है और गाजीपुर मुर्गा मंडी में चिकन का थोक व्यापार करता था, जिससे वह हर महीने 70-80 हजार रुपये कमाता था। हालांकि, पड़ोसियों से विवाद और रंजिश के कारण वह अपराध की दुनिया में उतर गया। जनवरी 2026 में उसने अपने साथियों के साथ मयूर विहार में एक वकील पर गोलियां चलाई थीं, जिसके बाद से वह लगातार ठिकाने बदलकर और मोबाइल फोन का उपयोग बंद कर पुलिस को चकमा दे रहा था। उसके साथ पकड़े गए मोहम्मद अनीस और माजिद भी पुराने अपराधी हैं, जो हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।

पुलिस ने इस संबंध में आईपी एस्टेट थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अज्जू के पास से मिली इटालियन पिस्तौल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से इलाके में सक्रिय एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मयूर विहार व सनलाइट कॉलोनी थानों की पुलिस भी इन मामलों में अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More