कीर्ति नगर पुलिस ने गश्त के दौरान ऑटो-लिफ्टर को दबोचा, चोरी की स्कूटी और अवैध बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की कीर्ति नगर थाना टीम ने रात की गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश कुमार उर्फ हग्गा मानुस (21 वर्ष), निवासी कमला नेहरू कैंप, कीर्ति नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। जांच में पता चला है कि बरामद की गई स्कूटी दिल्ली के तिलक नगर इलाके से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से ही ई-एफआईआर दर्ज है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 6 मार्च की रात को हेड कांस्टेबल पूरन और कांस्टेबल महेश स्ट्रीट क्राइम को रोकने के लिए इलाके में गश्त कर रहे थे। रात करीब एक बजे जब टीम डब्ल्यूएचएस ब्लॉक स्थित भगत सिंह पार्क के पास पहुँची, तो उन्हें एक संदिग्ध स्कूटी सवार दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदेह होने पर उसे रुकने का इशारा किया और जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आकाश कुमार के रूप में बताई।

जब स्कूटी का विवरण पुलिस के डेटाबेस पर चेक किया गया, तो वह थाना तिलक नगर से चोरी की पाई गई। इसके बाद जब आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से एक प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की स्कूटी व हथियार को जब्त कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकाश कुमार पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके अन्य आपराधिक संपर्कों की पुष्टि की जा रही है। थाना प्रभारी और एसीपी पंजाबी बाग के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से इलाके में वाहन चोरी की एक गुत्थी सुलझ गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More