दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नकली प्रोटीन सप्लीमेंट सिंडिकेट का किया पर्दाफाश; 100 किलो पाउडर और भारी मात्रा में रॉ-मटीरियल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (आरके पुरम) ने राजधानी और एनसीआर में सक्रिय एक खतरनाक नकली प्रोटीन सप्लीमेंट सिंडिकेट को ध्वस्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित तिवारी (30 वर्ष) और मोहित दीक्षित (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स जैसे ऑप्टिमम न्यूट्रिशन (ऑन), सिंथा-6 और आइसोप्योर के नाम पर तैयार 100 किलो नकली प्रोटीन, 55 किलो कच्चा माल (कोको पाउडर, माल्टो, फैट पाउडर), भारी मात्रा में खाली डिब्बे, नकली होलोग्राम, स्टिकर और मिक्सिंग मशीनें बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि ये सप्लीमेंट सेहत के लिए बेहद घातक थे और इनके सेवन से किडनी व लीवर जैसे अंगों को गंभीर नुकसान पहुँच सकता था।

डीसीपी (क्राइम) पंकज कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर रामपाल के नेतृत्व में एसीपी उमेश बर्थवाल के मार्गदर्शन में गठित टीम ने 6 मार्च को ब्रह्मपुरी में छापेमारी की। पुलिस ने गली नंबर-7 स्थित अवैध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से दोनों आरोपियों को दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सस्ते माल्टो पाउडर और फ्लेवरिंग एजेंट को मिलाकर नकली सप्लीमेंट तैयार करते थे और उन्हें नामी कंपनियों के डिब्बों में पैक कर जिम और बाजारों में सप्लाई करते थे। इस मामले में अनिल बिस्वास नामक मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है, जिसने इन दोनों को इस काले धंधे में उतारा था।

आरोपी मोहित तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी का रहने वाला है और पहले आयुर्वेदिक दवाओं की सप्लाई का काम करता था, जहाँ वह अनिल बिस्वास के संपर्क में आया। वहीं, मोहित दीक्षित यूपी के हरदोई का रहने वाला है और पिछले 2-3 वर्षों से मिक्सर मशीन के जरिए नकली सप्लीमेंट बनाने में संलिप्त था। ये लोग प्रति डिब्बा ₹150 कमीशन पर काम करते थे और आसानी से पैसा कमाने के लालच में युवाओं की जान से खिलवाड़ कर रहे थे। पुलिस ने बरामद माल को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

क्राइम ब्रांच अब इस गिरोह की पूरी सप्लाई चेन, कच्चे माल के स्रोत और वितरण नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि दिल्ली के अन्य इलाकों में चल रही ऐसी अवैध इकाइयों को बंद कराया जा सके। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सप्लीमेंट खरीदते समय अधिकृत डीलरों और होलोग्राम की अच्छी तरह जांच करें। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More